राहत फतेह की रिहाई चाहता है पाकिस्तान
विदेश सचिव सलमान बशीर ने इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायुक्त शरत सबरवाल को तलब कर उनसे रविवार आधी रात तक इस मुद्दे पर चर्चा की। उन्होंने भारतीय राजदूत से अनुरोध किया कि वह यह सुनिश्चित कराएं कि अली से पूछताछ के दौरान कोई अधिकारी उनके साथ गलत व्यवहार न करे।
अली भारत में एक पुरस्कार समारोह और एक कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद पाकिस्तान लौट रहे थे। उनके 15 सदस्यीय दल के पास से एक लाख डॉलर से अधिक राशि बरामद की गई।
सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों की करीब छह घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें औपचारिक तौर पर गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें सोमवार को अदालत में पेश किया जाना है।
बशीर ने भारत में पाकिस्तानी उच्चायुक्त शाहीद मलिक से बात कर राहत की तुरंत रिहाई सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
उन्होंने कहा, "इस मुद्दे को औपचारिक तौर पर भारतीय विदेश विभाग के समक्ष उठाना चाहिए।" उन्होंने इस बारे में ताजा जानकारी के लिए भारतीय अधिकारियों से लगातार सम्पर्क में बने रहने को कहा।
इससे पहले आंतरिक मंत्री रहमान मलिक ने शाहीद मलिक को बुलाकर अली को सभी कानूनी और अन्य तरह की मदद देने का निर्देश दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications