भारत ने दक्षिणी सूडान में जनमत संग्रह का स्वागत किया
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी की गई एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, "दक्षिणी सूडान में कराए गए जनमत संग्रह के सफल परिणाम का भारत स्वागत करता है, जिसमें वहां के लोगों ने विश्वसनीय एवं शांतिपूर्ण तरीके से दक्षिणी सूडान को एक अलग देश बनाने के पक्ष में मतदान किया है।"
ज्ञात हो कि उत्तरी एवं दक्षिणी सूडान के बीच 2005 में हुए व्यापक शांति समझौते के हिस्से के रूप में जनवरी के पूर्वार्ध में एक जनमत संग्रह कराया गया था। इस समझौते के साथ उत्तरी एवं दक्षिणी सूडान के बीच गृह युद्ध समाप्त हुआ था।
सात फरवरी को घोषित जनमत संग्रह के परिणाम में कहा गया था कि 98 प्रतिशत मत आजादी के पक्ष में थे।
बयान में कहा गया है, "दक्षिणी सूडान के इतिहास में यह एक महत्वपूर्ण घटना है। भारत 2005 के व्यापक शांति समझौते की महत्वपूर्ण व्यवस्था को हासिल करने में इस पूरी कार्यवाही को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी पक्षों को बधाई देता है।"
दक्षिणी सूडान जुलाई में नया देश बन सकता है। जुलाई में व्यापक शांति समझौते की मियाद पूरी हो जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications