दार्जिलिंग में लगातार छठे दिन बंद से जनजीवन प्रभावित
पुलिस की गोलीबारी में तीन कार्यकर्ताओं के मारे जाने के विरोध में मोर्चा ने अनिश्चितकालीन बंद का ऐलान किया है।
पुलिस महानिरीक्षक (उत्तर बंगाल) रणवीर कुमार ने कहा, "बंद के दौरान दार्जिलिंग, कुर्सियांग और कलिंगपोंग जिलों में दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह से बंद रहे और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद रही।"
कुमार ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "पहाड़ी इलाकों में स्थिति नियंत्रण में है और अभी तक किसी तरह की अप्रिय घटना का समाचार नहीं है।"
कुमार ने कहा कि कुछ इलाकों में तनाव बना हुआ है और इन क्षेत्रों में भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
उधर, मोर्चा की केंद्रीय समिति ने सोमवार को बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा की।
मोर्चा के प्रवक्ता हरका बहादुर क्षेत्री ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "राज्य सरकार द्वारा हमें बातचीत करने के लिए आमंत्रित किए जाने की कोई सम्भावना नहीं है।"
उल्लेखनीय है कि जलपाईगुड़ी जिले के पर्वतीय क्षेत्र दोआर्स में 8 फरवरी को पुलिस द्वारा मोर्चा के कार्यकर्ताओं पर उस समय गोलीबारी की गई थी, जब कार्यकर्ताओं ने निषेध आज्ञा का उल्लंघन करने का प्रयास किया था।
आरक्षित वन क्षेत्र के सिपचू इलाके में मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा अवैध तरीके से बनाए गए शिविरों को पुलिस द्वारा गिराए जाने के बाद हिंसा शुरू हुई थी।
मोर्चा, वर्ष 2008 से 2010 के बीच कई बार अनिश्चितकालीन बंद का ऐलान कर चुका है। बंद के दौरान पर्यटन प्रभावित होने से पहाड़ी इलाकों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications