पृथ्वी की तरह चंद्रमा के पास भी है लौहयुक्त केंद्र
वाशिंगटन, 14 फरवरी (आईएएनएस)। एक नए सर्वेक्षण के अनुसार चंद्रमा के पास लौह समृद्ध केंद्र है, जिसका आंतरिक हिस्सा ठोस है और इसका वृत्ताकार क्षेत्र लगभग 150 मील का है। यह पृथ्वी की तरह ही है।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के नेतृत्व में अनुसंधानकर्ताओं के एक दल ने अपोलो मिशन से मिले भूकम्प संबंधी आकड़ों को समझने के लिए नई प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया और पता लगाया कि चंद्रमा में एक लौहयुक्त केंद्र है।
पत्रिका 'साइंस' के अनुसार एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ लिबरल आर्ट्स एंड साइंसेस में प्रोफेसर एवं अध्ययन के सह लेखक एड गार्नेरो ने कहा, "चंद्रमा का सबसे गहरा आंतरिक हिस्सा, जिसमें कोई केंद्र है या नहीं, भूकम्प विज्ञानियों के लिए एक अनजान जगह रही है।"
नासा द्वारा जारी एक बयान के अनुसार पूरी पृथ्वी पर बिखरे संवेदनशील भूकम्प सूचक यंत्र हमारे ग्रह के आंतरिक हिस्से के अध्ययन को सम्भव बनाते हैं। भूकम्प के बाद ये उपकरण उन तरंगों को रिकार्ड कर लेते हैं, जो ग्रह के आंतरिक हिस्से से होकर गुजरती हैं। इन आकड़ों से पृथ्वी की परतों की बनावट और उसकी संरचना के निर्धारण में मदद मिलती है।
जिस तरह से भूगर्भ विज्ञानी पृथ्वी की संरचना के बारे जानने के लिए भूकम्प का अध्ययन करते हैं, उसी तरह से चंद्रमा की आंतरिक संरचना के बारे में जानने के लिए 'चंद्रकम्प' की तरंगों का अध्ययन किया जा सकता है।
गार्नेरो और उनके विद्यार्थी पेयिंग लिन ने पाया कि चंद्रमा के गहरे आंतरिक हिस्से की संरचना लगभग पृथ्वी की संरचना जैसी ही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications