'भारतीय छात्रों के साथ होगा निष्पक्ष व्यवहार'
न्यूयार्क। अमेरिका ने रविवार को भरोसा दिया कि कैलीफोर्निया में बोगस विश्वविद्यालय के शिकार भारतीय छात्रों के साथ वह 'निष्पक्षता' के साथ व्यवहार करेगा। भारतीय विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा द्वारा इस मसले पर अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के साथ बातचीत करने के बाद यह आश्वासन दिया गया।
विदेश मंत्री कृष्णा ने टेलीफोन पर 15 मिनट हिलेरी से बात की। इस दौरान कृष्णा ने उनकी अप्रैल में भारत की प्रस्तावित यात्रा के बारे में चर्चा की। हिलेरी की इस यात्रा के समय दोनों देशों के बीच कूटनीतिक वार्ता के दूसरे दौर की बातचीत होनी है।हिलेरी ने विदेश मंत्री से कहा कि बोगस ट्राई वैली विश्वविद्यालय (टीवीयू)के शिकार भारतीय छात्रों का मानवीय हल निकालने की जरूरत है क्योंकि बहुत सारे भारतीय छात्र वैध वीजा पर यहां आए।
ज्ञात हो कि बोगस टीवीयू में दाखिला लेने वाले करीब 1555 छात्रों में से 90 प्रतिशत भारतीय छात्र हैं। इनमें से ज्यादातर छात्र आंध्र प्रदेश के है। कैलीफोर्निया स्थित इस बोगस विश्वविद्यालय को बंद किए जाने से इन छात्रों पर स्वदेश वापसी का खतरा मंडरा रहा है।जानकार सूत्रों ने बताया कि हिलेरी ने अमेरिका में भारतीय राजदूत मीरा शंकर से उनसे सोमवार को मिलने के लिए कहा है। हिलेरी ने भारतीय राजदूत से इस बारे में उन्हें और विवरण उपलब्ध कराने के लिए कहा है।
उल्लेखनीय है कि कृष्णा इस समय संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की ओर से सुरक्षा एवं विस्तार के मुद्दों पर आयोजित बैठक में भाग लेने के लिए अमेरिका में हैं। उन्होंने भारतीय छात्रों के मुद्दे को अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी उठाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications