वैलेंटाइन डे के नाम पर अश्लीलता बर्दाश्त नहीं: बजरंग दल-विहिप
नई दिल्ली/लखनऊ। वैलेंटाइन डे यानी 14 फरवरी सोमवार को है। दुनिया भर के प्रेम पुजारियों में इस दिन को मनाने की ललक दिखाई दे रही है, लेकिन बजरंग दल और विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के नेता दहाड़ लगा रहे हैं। हिन्दूवादी संगठनों का कहना है कि प्यार के इस पर्व को वे मनाने से नहीं रोकेंगे, लेकिन अगर उन्हें कहीं भी अश्लीलता या भारतीय संस्कृति भंग होती नज़र आयी तो वो बख्शेंगे नहीं।
दिल्ली में बजरंग दल के प्रांत संयोजक शैलेन्द्र जयसवाल ने कहा, "हमें वेलेंटाइन डे के समारोहों को लेकर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन युवाओं को अपनी शालीनता का परिचय देना होगा। प्यार में नग्नता, वासना, अभद्रता और अश्लीलता करने वाले को हम नहीं छोड़ेंगे। वेलेंटाइन डे की आड़ में पाश्चात्य संस्कृति का अंधानुकरण कर सड़कों, उद्यानों, होटलों, पबों व फार्म हाउसों में अश्लील और अभद्रता इस्तेमाल कर अपसंस्कृति को बढ़ावा न दें।"
बजरंग दल ने दिल्ली के पुलिस आयुक्त, होटलों, पबों, रेस्तरॉ आदि को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि वे सोमवार को मादक पदार्थो का इस्तेमाल और अश्लीलता का सार्वजनिक प्रदर्शन न होने दें। साथ ही असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करें।
वहीं कानपुर में विहिप और बजरंग दल के नेताओं ने होटल, रेस्त्रां, पार्कों और सिनेमाघरों को साफ चेतावनी दी है कि वे युवा जोड़ों को एंट्री नहीं दें। विहिप के महासचिव अवध बिहारी का कहना है कि अगर कोई युगल जोड़ा पार्कों यो रेस्त्राओं में दिखाई दिया तो उन्हें पकड़ कर उनके मां-बाप के हवाले कर दिया जाएगा।
बजरंग दल के सदस्य शैलेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि उनके कार्यकर्ता सार्वजनिक स्थानों पर जा जाकर देखेंगे कि कहीं भारतीय संस्कृति का मजाक तो नहीं बनाया जा रहा है।
हिन्दूवादी संगठनों की धमकियों के बावजूद शहर के बड़े-बड़े रेस्त्राओं, रिसॉर्ट, पिकनिक स्पॉट, वॉटर पार्कों, फूलों और कार्ड की दुकानों पर युवाओं को आकर्षित करने के विशेष इंतजाम किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications