पाकिस्तान से आए 135 अस्थि कलश गंगा में प्रवाहित
देहरादून, 13 फरवरी (आईएएनएस)। हरिद्वार में पाकिस्तान से आए 135 अस्थि कलशों की रविवार को शोभायात्रा निकाली गई, जो धर्मनगरी के मुख्य मार्गो से होती हुई कनखल के सतीघाट पहुंची। वहां कलशों को गंगा में प्रवाहित किया गया।
पाकिस्तान से अस्थि कलशों को लेकर आए संतों और नागरिकों का यहां स्वागत किया गया। अस्थि कलश यात्रा को धार्मिक स्वरूप देने के बाद निकाली गई शोभायात्रा कनखल स्थित सती घाट पहुंची जहां पर सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में इन अस्थि कलशों को गंगा में प्रवाहित किया गया। इस मौके पर हरिद्वार का संत समुदाय भी उपस्थित था।
साठ गाड़ियों के काफिले में कालिका पीठाधीश्वर के महंत सुरेंद्रनाथ अवधूत इन अस्थियों को लेकर शनिवार रात हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने बताया कि ये अस्थि कलश करीब 30 वर्षो से कराची के श्मशान घाट में रखे थे। अस्थियों के साथ कराची स्थित हनुमान मंदिर के महंत रामनाथ मिश्र तथा कई मृतकों के परिजन भी आए हैं।
अवधूत ने बताया कि दिल्ली की देवोत्थान सेवा समिति तथा धर्म यात्रा महासंघ के पदाधिकारी भी शोभायात्रा में शामिल हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications