राजस्थान में सड़कों का जाल बिछेगा : गहलोत
जयपुर, 13 फरवरी (आईएएनएस)। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि अगले पांच वर्षो में राज्य में 21 हजार करोड़ रुपये व्यय करके सड़कों का जाल बिछाया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य में अभियान चलाकर माफियाओं का सफाया करवाया जाएगा।
गहलोत रविवार को जोधपुर में 119.90 किलोमीटर लंबे राजमार्ग संख्या 61 (जोधपुर-ओसियां-फलौदी) को चौड़ा करने एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का शुभारंभ किया। इस योजना पर 208 करोड़ 74 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।
गहलोत ने कहा कि राजस्थान राज्य सड़क विकास एवं निर्माण निगम इस राजमार्ग के दोनों तरफ पौधरोपण करवाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क विकास की विभिन्न योजनाएं- प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, बीओटी, राज्य सुधार मार्ग, राष्ट्रीय उच्च मार्ग व राजस्थान राज्य सड़क विकास एवं निर्माण निगम के तहत 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक व्यय कर सड़कों का जाल बिछाया जाएगा।
लोक निर्माण मंत्री प्रमोद जैन भाया ने कहा कि राज्य में विभाग के माध्यम से 36 माह में आठ हजार 900 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं। राज्य में सड़क दुर्घटनाएं रोकने के मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप 1,850 स्थानों को चिह्न्ति किया गया है। इसमें ब्रेकर बनवाने, झाड़ियां कटवाने, बोर्ड लगवाने, सड़कें चौड़ी करवाने व सुधार के बहुत सारे कार्य योजनाबद्ध रूप से किए जा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications