दिल्ली में महिला उत्पीड़न के खिलाफ निकाली मोमबत्ती रैली
नई दिल्ली, 13 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में महिलाओं के साथ बलात्कार और यौन उत्पीड़न के बढ़ते मामलों के मद्देनजर लगभग 150 लोगों ने रविवार को जंतर मंतर पर मोमबत्ती रैली निकाली जिसमें अधिकांश छात्र-छात्राएं शामिल थे।
इस रैली में विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों तथा दिल्ली विश्वविद्यालय, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, जामिया मिलिया विश्वविद्यालय एवं गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भागीदारी की।
यह रैली उत्तर प्रदेश के बिंदाकी इलाके में 16 वर्षीय एक दलित किशोरी के साथ बलात्कार किए जाने तथा बलात्कार के प्रयास का विरोध करने पर तीन व्यक्तियों द्वारा कथित तौर पर उसके हाथ, नाक तथा कान काट लिए जाने के खिलाफ निकाली गई।
रैली के आयोजकों में से एक गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय की छात्र परिषद के अध्यक्ष सिद्धार्थ तोमर ने बताया, "दिल्ली महिलाओं के लिए कभी सुरक्षित नहीं रही है। आंकड़ों को देखें तो शहर में प्रति घंटे एक लड़की के साथ बलात्कार होता है। महिलाओं की सुरक्षा भारी चिंता का विषय बन गया है। हाल ही में उत्तर प्रदेश के बिंदाकी में एक दलित लड़की के साथ क्रूरतापूर्वक बलात्कार किया गया।"
"जेसिका, रुचिका की तरह अगली बारी आपकी और मेरी" के नारे लगाते हुए छात्र-छात्राओं ने जनता दल (युनाइटेड) के कार्यालय से जंतर मंतर की ओर कूच किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications