मिस्र में संसद होगी भंग, 6 महीने में नए चुनाव
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक मिस्र की सशस्त्र सेनाओं की उच्च परिषद ने यह घोषणा सरकारी टेलीविजन पर की।
परिषद ने कहा कि संविधान में संशोधन के लिए एक नई समिति का गठन किया जाएगा लेकिन उसने यह नहीं बताया कि समिति की नियुक्ति कौन करेगा।
ज्ञात हो कि राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक द्वारा शुक्रवार को इस्तीफा दिए जाने के बाद देश की सत्ता परिषद के हाथों में है। परिषद ने कहा है कि जब तक देश में नए चुनाव नहीं हो जाते तब तक वह शासन सम्भालेगी।
परिषद की इस घोषणा में देश में पिछले 30 वर्षो से चल रहे विवादास्पद आपातकाल के बारे में कोई उल्लेख नहीं किया गया। राजनीतिक बंदियों की रिहाई के लिए प्रदर्शनकारी सेना से आपातकाल हटाने के मांग कर रहे हैं।
राष्ट्रपति मुबारक के इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री अहमद शफीक ने अपने पहले संवाददाता सम्मेलन में रविवार सुबह कहा कि मंत्रियों के रिक्त पदों को भरने में वह 'जल्दबाजी में नहीं' हैं।
शफीक ने कहा, "हम इस मुद्दे को जरूरत से ज्यादा तवज्जो नहीं देना चाहते। जब तक नामांकन में पूरा विश्वास हासिल नहीं हो जाता तब तक हम किसी मंत्री की नियुक्ति नहीं करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications