उत्तराखण्ड में बर्फबारी से तापमान गिरा
देहरादून, 13 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तराखण्ड के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार को बर्फबारी हुई, जिससे निचले इलाकों में भी तापमान में गिरावट आ गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
राजधानी देहरादून सहित अधिकांश क्षेत्रों में रविवार को सुबह से ही बादल छाए रहे, जिसके चलते दोपहर बाद गंगोत्री, हर्षिल, झाला, दयारा, बुग्याल, मुनस्यारी सहित कई ऊंचे इलाकों में बर्फबारी शुरू हुई। इसके अलावा निचले इलाकों में भी बारिश शुरू हो गई। मौसम में अचानक आए बदलाव से राज्यवासियों को एक बार फिर से सर्द हवाओं से जूझना पड़ रहा है।
राज्य मौसम केंद्र के निदेशक ए.के. शर्मा ने बताया कि अगले 24 घंटों में राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि राजधानी देहरादून में रविवार को न्यूनतम तापमान 14.2, पंतनगर में 8.1, मुक्तेश्वर में 6.7 और टिहरी में 11 डिग्री सेल्सियस रहा। उन्होंने बताया कि ऊंचाई वाले इलाकों में हो रही बर्फबारी के कारण तापमान में और गिरावट आ सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications