बदरीनाथ, केदानाथ में बनेगी टेंट कालोनी
देहरादून, 13 फरवरी (आईएएनएस)। विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ और केदानाथ में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टेंट कालोनी बनाई जाएगी। इसके साथ ही मंदिर के आस-पास के इलाकों का सौंदर्यीकरण करने के लिए भी विशेष योजना बनाई गई है।
बदरीनाथ-केदारनाथ समिति के अध्यक्ष अनुसूइया प्रसाद भट्ट ने रविवार को बताया कि बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिरों में यात्रा काल के समय भीड़ बढ़ने पर होटल और लॉज में जगह खाली नहीं रहती है, जिस कारण कई बार श्रद्धालुओं को खुले में ही रात गुजारनी पड़ती है। श्रद्धालुओं की परेशानी को देखते हुए मंदिर समिति यहां टेंट कालोनी बनाने की तैयारी कर रही है। टेंट कालोनी में श्रद्धालुओं को नि:शुल्क आवास और भोजन मिलेगा।
भट्ट ने बताया कि इसके साथ ही बदरीनाथ और केदारनाथ के आस-पास करीब 100 मीटर की दूरी पर बसे हुए भवनों को अन्यत्र बसाने की योजना पर कार्य चल रहा है। इससे मंदिर परिसर का विस्तार और आस-पास के इलाकों का सौंदर्यीकरण हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि योजना को अमल में लाने के लिए एक समिति का गठन किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications