लोकतंत्र से अधिक स्थिर होगा मध्य पूर्व : ओबामा
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार व्हाइट हाउस ने बताया है कि ओबामा ने शनिवार को ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन, जार्डन के किंग अब्दुल्ला और तुर्की के प्रधानमंत्री रेसेप तईप एरडोगन को फोन किया और मिस्र के घटनाक्रम पर उनसे चर्चा की।
शुक्रवार को मुबारक के इस्तीफे के बाद एक सैन्य परिषद ने मिस्र में अंतरिम सत्ता संभाल ली। शनिवार को इस सैन्य परिषद ने स्वतंत्र चुनाव कराने और लोकतंत्र बहाल करने का संकल्प लिया। सेना ने कहा कि मिस्र के अतीत के अंतर्राष्ट्रीय समझौतों का आदर किया जाएगा, खासतौर से इजरायल के साथ शांति महत्वपूर्ण है।
व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव ने एक बयान में कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय नेताओं के साथ शनिवार की बातचीत में ओबामा ने इस बात को रेखांकित किया कि लोकतंत्र क्षेत्र में स्थिरता लाएगा।
ओबामा ने मिस्र में बदलाव का स्वागत किया है और मिस्र के लोगों की उपलब्धि की प्रशंसा की है। उन्होंने मिस्र की सेना की ओर से लोकतांत्रिक बदलाव और इजरायल के साथ शांति के पक्ष में दिए गए बयान का स्वागत किया है।
व्हाइट हाउस ने कहा कि ओबामा और जिन नेताओं से उन्होंने बात की है उन सभी ने एक लोकतांत्रिक सरकार की शांतिपूर्ण स्थापना के महत्व पर सहमति जताई है, जो कि मिस्र की जनता की भावनाओं के प्रति जवाबदेह होगी।
ओबामा ने मिस्र की जनता को हर तरह का सहयोग देने का संकल्प लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications