अब अंतिम संस्कार के खर्च के लिए बीमा
चेन्नई, 13 फरवरी (आईएएनएस)। यदि आपको यह डर सता रहा है कि आपकी मृत्यु तक आपकी सारी पूंजी समाप्त हो सकती है और आपके अंतिम संस्कार में दिक्कत आ सकती है तो अब चिंता छोड़ दीजिए। बीमा कम्पनियों ने इसका भी उपाय निकाल लिया है। यही नहीं ये कम्पनियां अचानक नौकरी खोने पर भी आपकी मदद के लिए तैयार रहेंगी।
भारती अक्सा लाइफ इंश्योरेंस कम्पनी के पास ऐसी कुछ योजनाएं हैं जो आपके अंतिम संस्कार का खर्चा उठा सकती हैं। 37 करोड़ डॉलर की यह कम्पनी दिल्ली स्थित भारती समूह और फ्रांसीसी अक्सा समूह का संयुक्त उपक्रम है। इसमें भारती समूह की 76 फीसदी और अक्सा समूह की 26 फीसदी हिस्सेदारी है। उपभोक्ताओं को आकर्षित करने के लिए इस कम्पनी की इस साल की तीसरी तिमाही में ऐसी ही कुछ बीमा योजनाएं शुरू करने की योजना है।
समूह के मुख्य वित्तीय अधिकारी वी. श्रीनिवासन कहते हैं, "हम एक ऐसी जीवन बीमा पॉलिसी की योजना बना रहे हैं जिसमें अंतिम संस्कार में होने वाले खर्च को वहन किया जाएगा। व्यक्ति की मृत्यु होने के 48 घंटों के अंदर दावा करने पर अंतिम संस्कार का खर्च दे दिया जाएगा जबकि शेष बीमा राशि देने में कुछ समय लगेगा।"
श्रीनिवासन ने आईएएनएस को बताया, "जहां तक लोगों की नौकरी छूटने का सवाल है तो इस पॉलिसी को कराने वाले व्यक्ति की यदि अचानक नौकरी छूट जाती है तो उसे एक निश्चित अवधि तक क्षतिपूर्ति राशि दी जाएगी।" उन्होंने बताया कि इस बीमा पॉलिसी की भाषा सरल होगी ताकि आम लोग इसे आसानी से समझ सकें।
श्रीनिवासन ने कहा कि भारती अक्सा पहले से ही बीमा राशि के लिए दावा किए जाने के 48 घंटे के अंदर भुगतान की सेवा शुरू कर चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications