मनाली में बर्फबारी, सैलानियों के जुटने की संभावना
राजधानी शिमला और कुल्लू जिले के भूंटर में लगातार हो रही बारिश के कारण हवाई सेवाएं बाधित हुई हैं। मनाली में रविवार सुबह से ही बर्फबारी शुरू है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "मनाली की तरह सोलॉन्ग और रोहतांग दर्रे में भी भारी बर्फबारी हुई।"
उन्होंने बताया, "मनाली और उसके आसपास के इलाकों में सोमवार तक हिमपात जारी रहने की संभावना है।"
अधिकारी ने बताया, "राज्य के ऊंचाई वाले किन्नौर, लाहौल एवं स्पीति, कुल्लू और चम्बा जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान मध्यम बर्फबारी हुई है।"
राज्य के निचले इलाकों धर्मशाला, शिमला, सोलन, नहान, चम्बा और मंडी जिले में मध्यम बारिश हुई।
हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया, "बारिश की वजह से दिल्ली से कुल्लू और शिमला के लिए हवाई सेवाएं संचालित नहीं हो पाई हैं।"
शिमला में रविवार को तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि कालपा में यह शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। वहीं भूंटर और धर्मशाला में तापमान क्रमश: 8.5 और 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मनाली में वेलेंटाइन डे के पहले हिमपात की वजह से भारी संख्या में सैलानियों के जुटने की संभावना है।
जिला पर्यटन अधिकारी राजेश्वर गोयल ने आईएएनएस को बताया,"बर्फबारी की वजह से पर्यटकों खासकर नव विवाहितों और युवकों के आने की संभावना बढ़ गई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications