उत्तर प्रदेश: पत्नी की हत्या कर शव नदी में फेंका
बांदा। उत्तर प्रदेश में बांदा जनपद के कमासिन थाना के लखनपुर गांव में शनिवार को एक युवक ने पत्नी की हत्या कर शव यमुना नदी में फेंक दिया। पुलिस ने पति व ननद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कमासिन के थानाध्यक्ष रज्जनलाल त्रिपाठी ने बताया कि लखनपुर गांव के मुन्नालाल केशरवानी ने अपनी बहन चुन्नी की मदद से शनिवार तड़के पत्नी गीता (30) की हत्या कर उसके शव को यमुना नदी में फेंक दिया था।
उन्होंने कहा कि गीता का शव बरामद कर लिया गया है तथा उसके भाई पप्पू की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मुन्नालाल तथा चुन्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पप्पू ने आरोप लगाया है कि गीता को दो बेटियां अंशिका (5) व शिखा (2) हैं और बेटा न पैदा होने के चलते उसकी हत्या की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications