गहलोत ने मंत्री का इस्तीफ़ा मांगा

अशोक गहलोत ने ग्रामीण विकास मंत्री का इस्तीफ़ा मांगा.राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के प्रति की गई अपनी टिप्पणियों को लेकर राजस्थान के एक राज्य मंत्री अमीन ख़ान मुश्किल में फंस गए है. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अमीन ख़ान से इस्तीफ़ा मांग लिया है.अमीन ख़ान दो दिन पहले कांग्रेस के एक कार्यक्रम में कथित रूप से ये कह बैठे कि प्रतिभा पाटिल ने कभी स्वर्गीय इंदिरा गाँधी के घर पर रसोई में काम किया था और इन्ही सेवाओं का उन्हें बिना मांगे पुरस्कार मिल गया.
इस बयांन पर बावेला मचा तो अमीन ख़ान ने सफ़ाई देने की कोशिश की मगर तब तक देर हो चुकी थी.राज्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने इतना भर कहा था कि कांग्रेस अपने साधारण कार्यकर्ताओं की भी कद्र करती है. इनमें प्रतिभा पाटिल भी शामिल है.विपक्षी दल भाजपा ने अमीन ख़ान को पद से बर्ख़ास्त करने की मांग की और कहा ये बयान महिलाओं का अपमान है.
अमीन ख़ान से सम्पर्क का प्रयास किया गया. मगर उनके घर पर कोई फ़ोन सुनने को तैयार नहीं था.जानकार सूत्रों ने बताया कि अमीन ख़ान को अपने पद से त्याग पत्र देने को कहा गया है.राजपूत समाज ने भी इस बयान को बहुत गंभीरता से लिया था और मंत्री से त्याग पत्र मांगा था.
विवाद इतना बढ़ा कि मुख्यमंत्री दिल्ली गए और हाई कमान में नेताओं से मुलाकात की.राज्य के सीमावर्ती बाड़मेर ज़िले की शिव तहसील से चुने गए अमीन ख़ान को राजनीति का लम्बा अनुभव है मगर ये तजुर्बा लगता है कोई काम नहीं आया.












Click it and Unblock the Notifications