उत्तर प्रदेश : नंदी पर हमला करने वाला सपा नेता गिरफ्तार
आपको बता दें कि सपा विधायक पर ढाई लाख रुपये का इनाम घोषित था। प्रदेश के विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून और व्यवस्था) बृजलाल ने बताया कि यूपी के कैबिनेट मंत्री नंदी पर जुलाई में उनके इलाहाबाद स्थित आवास के बाहर हुए हमले के मामले में फरार आरोपी और एसपी के विधायक विजय मिश्रा को एसटीएफ ने दिल्ली के हौजखास थाने के आनंद लोक में मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
बृजलाल के मुताबिक विजय मिश्रा के खिलाफ मंत्री पर हमले की साजिश रचने के अलावा हत्या और हत्या के प्रयास सहित कुल 62 आपराधिक मामले दर्ज हैं और राज्य सरकार ने उनकी गिरफ्तारी पर ढाई लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। उनके पास एक लाइसेंसी पिस्तौल भी बरामद की गई है।
गौरतलब है कि यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री नंदी पर 12 जुलाई 2010 को इलाहाबाद में उस समय जानलेवा हमला किया गया था, जब वे बहादुर गंज मोहल्ले में अपने मकान से मंदिर जा रहे थे। इसी हमले में राकेश मालवीय नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि बुरी तरह घायल इंडियन एक्सप्रेस के पत्रकार विजय प्रताप सिंह ने इलाज के दौरान हफ्ते भर बाद दम तोड़ दिया था।













Click it and Unblock the Notifications