वेश्यावृत्ति को मिले कानूनी मान्यता : प्रिया दत्त
इंदौर, 8 फरवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस की सांसद प्रिया दत्त ने मंगलवार को यहां कहा कि समाज की भलाई के लिए वेश्यावृत्ति को कानूनी जामा पहना देना चाहिए।
दत्त ने कहा, "मेरा मानना है कि वेश्यावृत्ति को कानूनी मान्यता प्रदान कर देनी चाहिए ताकि यौन कर्मियों की आजीविका प्रभावित न हो।"
सांसद ने कहा, "वे समाज का हिस्सा हैं, हम उनके अधिकारों को नजरअंदाज नहीं कर सकते। मैंने उन पर एक शोध किया है और पाया है कि वे समाज के सभी वर्गो द्वारा प्रताड़ित होती हैं। वे पुलिस और कभी कभी मीडिया का भी शिकार बनती हैं।"
मुम्बई से कांग्रेस सांसद दत्त ने किसानों की आत्महत्या पर भी अपने विचार रखे।
उन्होंने कहा, "मध्य प्रदेश भी महाराष्ट्र की राह पर है, इसलिए मैंने इस मुद्दे को महसूस किया है। किसानों का ऋण चुकाने में नाकामी इसका बड़ा कारण है।
उन्होंने सलाह दी कि किसानों द्वारा ऋण चुकाने के लिए सरकार को कम ब्याज दर पर नीतियों का निर्माण करना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications