भारत की चिंताओं को समझता है अमेरिका : एंटनी
बेंगलुरू, 9 फरवरी (आईएएनएस)। भारत ने बुधवार को कहा कि अमेरिका द्वारा पाकिस्तान को हथियारों की मदद करना एक गंभीर चिंता का विषय है लेकिन अमेरिका अब भारत चिंताओं को समझ रहा है।
रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी ने एयरो इंडिया कार्यक्रम से इतर यहां कहा कि उन्होंने अमेरिका से हमेशा इस बात का उल्लेख किया है कि तालिबान से लड़ने के लिए पाकिस्तान को दी जाने वाली सैन्य सहायता का इस्तेमाल वह भारत के खिलाफ करता है और यह अच्छी बात नहीं है।
उन्होंने कहा, "हमारा अनुभव है कि अमेरिका द्वारा उपलब्ध कराए गए हथियारों का इस्तेमाल वह हमारे खिलाफ करता है। यह हम लोगों के लिए एक गम्भीर चिंता का विषय है। यह सुखद स्थिति नहीं है लेकिन अमेरिका अब हमें समझ रहा है।"
ज्ञात हो कि अमेरिका ने भारतीय सुरक्षा प्रतिष्ठानों के लिए चिंता खड़ी करते हुए पिछले साल अक्टूबर में पाकिस्तान को 2.29 अरब डॉलर मूल्य के हथियार उपलब्ध कराए थे। इसके अलावा भारत अमेरिकी एफ16 लड़ाकू जहाजों को पाकिस्तान को दिए जाने पर अपनी असहजता प्रकट कर चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications