बंगाल में जीरो से हीरो बनेगी भाजपा : शाहनवाज
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियों के बारे में पूछे जाने पर हुसैन ने बुधवार को आईएएनएस से कहा, "पश्चिम बंगाल की जनता 33 वर्षो के वामपंथी शासन से आजिज आ चुकी है। लोग बदलाव चाहते हैं। भाजपा वहां खुद को एक विकल्प के रूप में पेश कर रही है।"
उन्होंने कहा, "पार्टी की प्रदेश इकाई द्वारा निकाली गई नवजागरण यात्रा को जनता का भारी समर्थन मिल रहा है। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है। इस यात्रा में हर एक दिन पार्टी का केंद्रीय नेता शामिल हो रहा है। हाल ही में मैं भी इसमें शामिल हुआ और देखा कि इस यात्रा को किस तरह जनता का भारी समर्थन मिल रहा है।"
व्यंग्यात्मक अंदाज में यह पूछे जाने पर कि तो क्या भाजपा इस बार पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएगी, उन्होंने इसके जवाब में कहा, "निश्चित तौर पर आज की तारीख में हमारा वहां कोई विधायक नहीं है लेकिन हम पश्चिम बंगाल में जीरो से हीरो बनेंगे।"
उन्होंने कहा, "कर्नाटक में आज से 10 साल पहले भी हमें ऐसे ही सवालों का सामना करना पड़ता था जहां हम कुछ भी नहीं थे लेकिन आज हमारी वहां सरकार है।"
पश्चिम बंगाल चुनाव की तैयारियों के बारे में पूछे जाने पर शाहनवाज ने कहा, "15 फरवरी को कोलकाता में पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक होगी, जिसमें पार्टी के सभी पदाधिकारियों के अलावा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी हिस्सा लेंगे। बैठक के बाद कोलकाता में एक महारैली का आयोजन किया गया है। इसी दिन पार्टी की नवजागरण यात्रा का समापन भी होगा।"
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा का एक भी विधायक नहीं है जबकि लोकसभा में जसंवत सिंह के रूप में उसका एक प्रतिनिधि जरूर है। अलग गोरखालैंड की मांग कर रहे गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएम) के समर्थन से जसवंत भाजपा के टिकट पर लोकसभा पहुंचने में सफल रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications