'असांज को सुरक्षा देने के वादे पर कायम रहें रुड'
असांज की माता क्रिस्टीन असांज ने कहा कि वह अपने पुत्र का समर्थन करने के लिए सरकार पर भी दबाव डालेंगी।
उन्होंने कहा कि वह शुक्रवार अपराह्न् रुड के कार्यालय के बाहर एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन करेंगी। इस दौरान वह अपने पुत्र की सुरक्षा के लिए विदेश मंत्री द्वारा पहले किए गए उनके वादे को निभाने के लिए कहेंगी।
समाचार पत्र 'द हेराल्ड सन' ने क्रिस्टीन के हवाले से बताया, "अपने पुत्र के कानूनी अधिकारों और उसके जीवन की सुरक्षा के लिए मैं मीडिया के माध्यम से विदेश मंत्री से मांग करने जा रही हूं। जूलियन की सुरक्षा के लिए उन्होंने जो वादा किया है उस पर कायम रहने की मैं मांग करूंगी।"
जूलियन इस समय ब्रिटेन में हैं। उन पर स्वीडन में दो महिलाओं का यौन उत्पीड़न करने का आरोप है। स्वीडन इस मामले की सुनवाई के लिए उनका प्रत्यर्पण चाहता है। जूलियन प्रत्यर्पण मामले पर अदालत के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
जबकि जूलियन के समर्थकों का कहना है कि गोपनीय राजनयिक संदेशों को विकिलीक्स पर उजागर करने के बाद उन पर दबाव बनाने के लिए उन पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications