पाकिस्तान में अपहृत हिंदू नेता मुक्त
पुलिस अधिकारी मोहम्मद अली बलूच ने बताया कि सरवन कुमार को मंगलवार को संघार जिले के अच्छरू थार क्षेत्र से मुक्त कराया गया। उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि कुमार को अपहरणकर्ताओं के साथ मुठभेड़ के बाद मुक्त कराया जा सका। इस सिलसिले में चार संदिग्ध गिरफ्तार किए गए हैं।
अधिकारी ने बताया कि कुमार स्वास्थ्य जांच के लिए सिंध प्रांत के हैदराबाद गए थे। वहीं से उन्हें अगवा कर लिया गया था।
गत 29 जनवरी को कुमार बस में सफर कर रहे थे तभी काले रंग की कार में सवार लोगों ने बस रुकवा ली। चार सशस्त्र लोगों ने कुमार को जबरन बस से उतार दिया और कार में बैठकर वहां से चम्पत हो गए।
समाचार पत्र 'डॉन' ने बलूच के हवाले से कहा है, "अपहरणकर्ताओं द्वारा कुमार को लम्बी दूरी तक चलाया जबकि वह अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। इसके अलावा उन्हें उचित भोजन भी नहीं दिया गया।"
कुमार को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से सकुशल मुक्त कराने के लिए प्रमुख व्यापारी सेठ तुलसी दास ने बलूच के 500,000 रुपये के इनाम की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications