भारतीय मूल के अमेरिकी पर नौसेना रिश्वत घोटाले का आरोप
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 9 फरवरी (आईएएनएस)। एक प्रौद्योगिकी सेवा कम्पनी के अध्यक्ष व संस्थापक और अमेरिकी नौसेना के असैनिक कर्मचारी भारतीय मूल के अमेरिकी अंजन दत्त-गुप्ता पर एक करोड़ डॉलर के रिश्वत घोटाले का आरोप लगा है।
दत्त-गुप्ता जार्जिया के रॉजवेल स्थित 'एडवांस्ड सोल्यूशंस फॉर टुमॉरो' (एएसएफटी) के संस्थापक व अध्यक्ष हैं। दत्त-गुप्ता व असैनिक कार्यक्रम प्रबंधक और 'नेवल सी सिस्टम्स कमांड' के वरिष्ठ सिस्टम्स इंजीनियर राल्फा मैरिएनो पर मंगलवार को रोड आइजलैंड के प्रोविडेंस में ये आरोप लगाए गए।
यदि 58 वर्षीय दत्त-गुप्ता और 52 वर्षीय मैरिएनो दोषी पाए जाते हैं तो दोनों को 15 साल कैद व 250,000 डॉलर जुर्माने की सजा हो सकती है। दत्त-गुप्ता को रविवार सुबह अटलांटा हवाईअड्डे पर गिरफ्तार कर लिया गया था, वह चिली की यात्रा से लौटे थे।
अटलांटा में अमेरिकी जिला अदालत में उन पर औपचारिक तौर पर आरोप लगाए जाने के बाद उन्हें 25,000 डॉलर के बांड पर रिहा कर दिया गया था। उन्हें अगले दिन मंगलवार को प्रोविडेंस में एक मजिस्ट्रेट जज की अदालत में उपस्थित होना था।
दत्त-गुप्ता पर उनकी दत्त-गुप्ता प्रौद्योगिकी कम्पनी के लिए करोड़ों डॉलर के नौसेना के ठेके हासिल करने में मैरिएनो, उसके रिश्तेदारों और दोस्तों की भूमिका के लिए उन्हें एक करोड़ डॉलर की रिश्वत देने का आरोप है।
रोड आइजलैंड में अमेरिकी एटॉर्नी के कार्यालय में आपराधिक शिकायत के साथ दायर किए गए हलफनामे के मुताबिक व्यावसायिक एवं बैंकिंग रिकॉर्ड बताते हैं कि मैरिएनो, दत्त-गुप्ता और अनाम एएसएफटी के ठेकेदारों के बीच 1999 से ही इस तरह के कथित समझौते होते रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications