आरुषि हत्याकांड : तलवार दम्पति पर चलेगा हत्या का मुकदमा (लीड-2)

गाजियाबाद, 9 फरवरी (आईएएनएस)। नोएडा के बहुचर्चित आरुषि हत्याकांड मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत ने बुधवार को आदेश दिया कि आरुषि के पिता डॉक्टर राजेश तलवार और मां डॉक्टर नूपुर तलवार के खिलाफ हत्या का मुकदमा चलाया जाए। तलवार दम्पति पर सबूत नष्ट करने के लिए भी मुकदमा चलाया जाएगा।

अदालत ने मंगलवार को इस मामले में सीबीआई द्वारा दाखिल अंतिम रिपोर्ट पर अपना फैसला बुधवार तक के लिए टाल दिया था।

सीबीआई की विशेष न्यायाधीश प्रीती सिंह को जांच एजेंसी ने बताया था कि उसे इस हत्याकांड में कोई महत्वपूर्ण साक्ष्य नहीं मिले है, इसलिए उसने अंतिम विकल्प के रूप में 'क्लोजर रिपोर्ट' दाखिल की।

सीबीआई के वकील आर.के.सैनी ने अदालत से कहा, "दीवार पर पाए गए हाथ और अंगुलियों के निशान को भी फोरेंसिक प्रयोगशाला सत्यापित नहीं कर सकी।"

सैनी ने कहा, "तलवार दम्पति ने जांच में सहयोग नहीं किया और सीबीआई को कोई ठोस सबूत नहीं मिला। इसलिए सीबीआई के पास मामले को बंद करने की रिपोर्ट सौंपने के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं था।"

सैनी ने अदालत से मामले की अंतिम रिपोर्ट स्वीकार करने का अनुरोध किया था। सैनी ने कहा कि सीबीआई अपराध का मकसद और घटनाक्रम सुनिश्चित कर पाने में विफल रही।

दूसरी ओर राजेश तलवार के वकील सतीश टमटा ने अदालत से अनुरोध किया कि वह इस मामले को बंद करने वाली सीबीआई की याचिका स्वीकार न करे।

टमटा ने कहा कि जांच एजेंसी ने पूर्ण तथ्य एवं सबूत अदालत में नहीं प्रस्तुत किए थे। उन्होंने कहा कि आरुषि की भी नृशंस हत्या की गई थी और तलवार के नौकर हेमराज की भी नृशंस हत्या की गई थी।

टमटा ने अदालत से आग्रह किया था कि वह एजेंसी को निर्देश दे कि वह नई वैज्ञानिक तकनीक के जरिए मामले की आगे जांच करे।

तलवार के वकील ने कहा कि दीवार पर पाए गए अंगुलियों के निशान के लिए एक लो काउंट का डीएनए परीक्षण कराया जाना चाहिए।

इस पर सीबीआई ने टमटा की दलील पर आपत्ति की और कहा कि फोरेंसिक प्रयोगशाला, अत्यधिक खर्चीले इस परीक्षण को करने में पहले ही अपनी अक्षमता जाहिर कर चुकी है।

ज्ञात हो कि आरुषि (14) की, नोएडा के जलवायु विहार स्थित उसके माता-पिता के घर में 16 मई, 2008 को रहस्यमय परिस्थितियों में हत्या कर दी गई थी। शुरू में उसके घरेलू नौकर हेमराज पर हत्या का शक था। लेकिन एक दिन बाद फ्लैट की छत पर हेमराज का शव पाया गया था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+