बातचीत का समय आ गया है : हुर्रियत
श्रीनगर, 9 फरवरी (आईएएनएस)। अलगाववादी नेता मीरवाइज उमर फारुख के नेतृत्व वाले, हुर्रियत कांफ्रेंस के नरमपंथी धड़े ने बुधवार को कहा कि कश्मीर समस्या के समाधान के लिए अर्थपूर्ण बातचीत का समय आ गया है, और बातचीत की प्रक्रिया शुरू करने के लिए घाटी के लोगों को आगे आने की जरूरत है।
इसे मीरवाइज के नेतृत्व वाले हुर्रियत धड़े का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। संगठन ने जारी बयान में कहा है, "हमें ऐसे मंच पर पहुंचना है, जहां हमें राजनीतिक सम्बद्धताओं से ऊपर उठने और राजनीतिक प्रक्रिया शुरू करने में राजनीतिक कौशल प्रदर्शित करने की जरूरत है।"
बयान में कहा गया है, "आखिरकार मारे तो कश्मीरी ही जा रहे हैं, और इसलिए आपसी राय-मशविरे से इस जटिल समस्या का समाधान निकालने के लिए कश्मीरियों को ही आगे आना है।"
केंद्र सरकार द्वारा कश्मीर पर नियुक्त वार्ताकार काफी समय से बातचीत के लिए अलगाववादी नेताओं से सम्पर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इसके लिए कोई तैयार नहीं है।
सैयद अली गिलानी के नेतृत्व वाले हुर्रियत के कट्टरपंथी धड़े सहित हुर्रियत के दोनों गुटों ने वार्ताकारों से बात करने से इंकार कर दिया है।
लेकिन मीडिया में आई उन रपटों के आलोक में हुर्रियत के बुधवार के बयान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिनमें यह कहा गया था कि केंद्रीय वार्ताकार केंद्र सरकार को अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपने से पहले अलगाववादी नेताओं के साथ बातचीत करने की हर सम्भव कोशिश करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications