चीन में प्रतिबंधित फेसबुक ने हांगकांग में खोला कार्यालय
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार समाचार पत्र 'साउथ चाइना मॉर्निग पोस्ट' के मुताबिक फेसबुक ने 2010 में भारत व सिंगापुर में अपने कार्यालय शुरू किए थे, जिसके बाद हांगकांग में कार्यालय शुरू किया गया। यह कार्यालय अज्ञात स्थान पर शुरू किया गया है। फेसबुक को एशिया में विस्तार देने के मकसद से ये कार्यालय शुरू किए गए।
फेसबुक के दुनियाभर में 60 करोड़ से ज्यादा सदस्य हैं। चीन में इस पर प्रतिबंध लगा हुआ है लेकिन पूर्व ब्रिटिश उपनिवेश और वर्तमान में चीन प्रशासित हांगकांग में यह लोकप्रिय है।
फेसबुक के एशिया-प्रशांत क्षेत्र के उपाध्यक्ष व व्यावसायिक निदेशक ब्लैक चैंडली ने समाचार पत्र से कहा, "हम दुनियाभर में विकास कर रहे हैं और एशियाई क्षेत्र उसका बहुत बड़ा हिस्सा है।"
उन्होंने यह कहने से इंकार कर दिया कि फेसबुक चीन में लगे प्रतिबंध को हटवाने की कोशिश कर रही है। फेसबुक के मुख्य कार्यकारी मार्क जुकरबर्ग की दिसम्बर में बीजिंग यात्रा के बाद से ही इस तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं।
चैंडली कहते हैं, "हम हमेशा चाहते हैं कि दुनियाभर के सभी लोग फेसबुक का इस्तेमाल कर सकें। कुछ हिस्सों में वे इसका इस्तेमाल करते हैं जबकि कुछ हिस्सों में नहीं करते।"
फेसबुक के एक प्रवक्ता ने यह बताने से इंकार कर दिया कि हांगकांग कार्यालय में कितने लोग कार्यरत हैं और यह किस स्थान पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications