काले धन मामले पर बाबा रामदेव ने केन्द्र को सुनायी खरी-खरी
नई दिल्ली। चौतरफा वार से आहत कांग्रेस पर आज योग गुरू ने भी अपने शब्द बाणों की वर्षा की। दिल्ली में एक प्रेस वार्ता करके काले धन मामले पर बाबा ने जमकर कांग्रेस को कोसा। विदेशी बैंकों में जमा काला धन मामले में कुछ भारतीय लोगों और ट्रस्टों के नाम के खुलासे को सरकार की पूर्व नियोजित साजिश बताते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि केंद्र सरकार इस मामले में लोगों और सुप्रीम कोर्ट दोनों को गुमराह कर रही हैं।
रामदेव ने कहा कि अगर मिस्र में हिंसक क्रांति हो सकती है तो भारत में भी हम अहिंसक क्रांति करेंगे और सरकार के खिलाफ जनता को खड़ा करेंगे। उन्होंने काला धन को देश में हर हाल में वापस लाए जाने पर जोर देते हुए कहा कि सभी मंत्रियों का नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए।
रामदेव ने भ्रष्टाचार, दुष्कर्म, काला धन, जमाखोरी और मिलावट को लेकर कहा कि अगर इन अपराधों के लिए हमारे पड़ोसी देश चीन में फांसी की सजा हो सकती है तो भारत में कठोर कानून क्यों नहीं बनाए जा सकते हैं। भ्रष्टाचार को लेकर राज्य सरकारों की नीयत पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि काले धन को वापस लाना केंद्र की जिम्मेदारी है और केंद्र की सरकार उन लोगों को संरक्षण दे रही है जिनका पैसा विदेशी बैंकों में जमा है।













Click it and Unblock the Notifications