मिस्र में प्रदर्शन जारी, मुबारक ने मंत्रियों के साथ की बैठक (राउंडअप)
राष्ट्रपति मुबारक के खिलाफ तीव्र होता प्रदर्शन 12वें दिन में प्रवेश कर गया है। राष्ट्रपति के इस्तीफे की मांग को लेकर पूरी रात प्रदर्शन हुए। प्रदर्शन का सिलसिला शनिवार सुबह तक जारी रहा।
विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए मुबारक पर इस्तीफा देने का दबाव बढ़ गया है, लेकिन उन्होंने फिलहाल इस्तीफा देने से इंकार कर दिया है। मुबारक ने कहा है कि यदि वह इस समय इस्तीफा देते हैं तो देश में अव्यवस्था का माहौल पैदा हो जाएगा।
काहिरा के तहरीर चौक के अलावा एलेक्जेंड्रिया, महाला और गिजा में भी सरकार विरोधी प्रदर्शन जारी हैं।
समाचार चैनल अल जजीरा की शनिवार की रिपोर्ट में बताया गया कि प्रदर्शनकारियों ने कर्फ्यू का उल्लंघन कर प्रदर्शन किया। स्थानीय समयानुसार शाम सात बजे से लेकर सुबह छह बजे तक कर्फ्यू लागू किया गया था। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका प्रदर्शन मुबारक के इस्तीफे तक जारी रहेगा।
एक प्रदर्शनकारी ने कहा, "या तो हमारी मौत होगी या फिर हमें स्वतंत्रता मिलेगी।" प्रदर्शन के दौरान लोग 'गो मुबारक' के नारे लगा रहे हैं।
इन प्रदर्शनों के बीच मुबारक ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन में वित्त, तेल सहित व्यापार एवं उद्योग मंत्रियों के साथ बैठककर अर्थव्यवस्था का जायजा लिया।
सरकारी मीडिया के मुताबिक मुबारक ने नवनियुक्त वित्त मंत्री समीर रदवान और केंद्रीय बैंक के गवर्नर फारुक अल-ओक्दा के साथ तेल, व्यापार और सामाजिक सुरक्षा मामलों के मंत्रियों से मुलाकात की।
अधिकारियों ने शुक्रवार को संकेत दिया था कि बैंक रविवार को सीमित रूप से फिर खुल सकते हैं। इस दौरान एक सीमा तक ही नकदी निकाली जा सकेगी। साथ ही शेयर बाजार सोमवार को भी फिर खुल सकता है।
रेटिंग एजेंसी ने राजनीतिक अस्थिरता के कारण देश की क्रेडिट रेटिंग घटा दी है। क्रेडिट एग्रीकोल बैंक ने मिस्र के लिए अपना विकास का अनुमान घटा दिया है और इसे 5.3 फीसदी की जगह 3.7 फीसदी कर दिया है।
राजधानी काहिरा में शिविरों में रातें बिता रहे प्रदर्शनकारियों ने खुले मैदान में अस्पताल स्थापित कर लिए हैं। संदेशों के आदान-प्रदान के लिए अपना समाचार पत्र शुरू कर दिया है और रेडियो स्टेशन शुरू करने की तैयारी चल रही है। स्वयंसेवकों के दल प्रदर्शनकारियों के खाने-पीने और सड़कों की साफ-सफाई का बंदोवस्त कर रहे हैं।
अभी शुरू हो सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया : ओबामा
राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मुबारक से स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए सत्ता हस्तांतरित करने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने को कहा है।
ओबामा ने कहा कि मिस्र सरकार और उनके राजनीतिक विरोधियों के बीच वार्ता शुरुआती दौर में चल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि देश को संकट से निकालने के लिए सुधार का दिखावा पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा, "वार्ता में मिस्र के विपक्ष को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए।"
ओबामा ने कहा कि सितम्बर में होने वाले चुनाव में उत्तराधिकारी चुनने के लिए यदि मुबारक को अभी इस्तीफा देने की जरूरत है तो वह सलाहकारों से परामर्श लें और मिस्र की जनता की आवाज सुनें।
विरोध प्रदर्शन शुरू होने के बाद से मुबारक से दो बार बात कर चुके ओबामा ने कहा कि मुबारक को स्वयं से यह सवाल पूछना होगा कि कैसे हम हस्तानांतरण को प्रभावी, दीर्घकालिक और वैध बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुबारक सही निर्णय लेने में सक्षम हैं।
उन्होंने कहा कि मुबारक स्वाभिमानी हैं लेकिन साथ ही साथ वह देशभक्त भी हैं। उन्हें अपनी वैधता के बारे में न्याय करने की जरूरत है। सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया में हिंसा और दमन की कोई भूमिका नहीं है। पूरी दुनिया देख रही है।
ओबामा और विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने मिस्र में प्रदर्शनकारियों, पत्रकारों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं पर हमलों की निंदा की है।
मिस्र के उपराष्ट्रपति की हत्या की कोशिश : रिपोर्ट
मिस्र में पिछले दिनों उपराष्ट्रपति उमर सुलेमान की हत्या की कोशिश की गई थी। सुलेमान पर किए गए जानलेवा हमले में वह सुरक्षित बच गए लेकिन उनके दो अंगरक्षकों की मौत हो गई थी।
समाचार चैनल फॉक्स न्यूज ने शनिवार को सूत्रों के हवाले से कहा कि पिछले दिनों सुलेमान की हत्या की कोशिश की गई थी।
ओबामा प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि यह हमला मिस्र के राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक द्वारा सुलेमान को 29 जनवरी को उप राष्ट्रपति बनाए जाने के बाद किया गया।
प्रदर्शनकारियों का अपना समाचार पत्र :
राष्ट्रपति मुबारक की सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए अपना समाचार पत्र शुरू किया है।
मास्को न्यूज की अरबी भाषा शाखा के सम्पादक अनबा मोस्कू ने कहा, "'मैडिन तहरीर' नाम का यह समाचार पत्र केवल एक पृष्ठ का है।"
उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी एक रेडियो स्टेशन भी शुरू करने का प्रयास कर रही है।
मिस्र के घायल पत्रकार की मौत : रिपोर्ट
सरकार विरोधी प्रदर्शनों को कवर करने के दौरान गोली लगने से घायल हुए मिस्र के एक पत्रकार की शुक्रवार को मौत हो गई।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक अहमद मोहम्मद महमूद मिस्र के समाचार पत्र 'अल-तावून' में काम करते थे। काहिरा में तहरीर चौक के निकट 28 जनवरी को सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के दौरान हुई गोलीबारी में गोली लगने से महमूद घायल हो गए थे।
न्यूयार्क स्थित गैर सरकारी संगठन सीपीजे की रिपोर्ट के मुताबिक महमूद ऐसे पहले पत्रकार हैं जिनकी मिस्र में विरोध प्रदर्शनों को कवर करने के दौरान मौत हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications