एकदिवसीय क्रिकेट की तर्ज पर गोवा में एकदिवसीय चुनाव
गोवा के निर्वाचन आयुक्त मो.मोदस्सिर ने कहा कि समूचे पणजी के चुनाव परिणाम बड़े इलेक्ट्रॉनिक पर्दे पर घोषित किए जाएंगे। चुनाव मार्च में होगा। इस बार पणजी नगर निगम की 30 सीटें बढ़ गई हैं।
उन्होंने कहा, "देश में ऐसा चुनाव पहली बार होगा जिसमें मतदान और मतगणना एक ही दिन कराई जाएगी। मतदान सहित सभी प्रक्रिया सुबह आठ बजे से शुरू होगी। हमें उम्मीद है कि परिणाम रात आठ बजे तक घोषित कर दिए जाएंगे।"
संभावना है कि पणजी नगर निगम (सीसीपी) के मार्च में होने वाले चुनाव में 30,000 से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
मोदस्सिर ने कहा कि 'एक दिवसीय' चुनाव से राज्य का न केवल धन बचेगा, बल्कि प्रचालन तंत्र के कार्यो में भी कमी आएगी, जो कि पहले लंबे समय तक चलते रहे थे।
उत्तरी गोवा के जिलाधिकारी मिहिर वर्धन ने कहा, "मतदान सुबह आठ से शाम पांच बजे तक चलेगा। मतदान ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) से कराया जाएगा और मतगणना कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाएगी। मतदान केंद्र से कुछ ही दूरी पर मतगणना केंद्र बनाए जाएंगे, ताकि एक घंटा के भीतर मशीनों को वहां लाया जा सके।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications