मिस्र के तहरीर चौक पर जमें हैं प्रदर्शनकारी
तहरीर चौक के अलावा एलेक्जेंड्रिया, महाला और गिजा में भी सरकार विरोधी प्रदर्शन जारी हैं। मिस्र में लगातार 12 दिन से विरोध प्रदर्शन जारी है।
विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए मुबारक पर इस्तीफा देने का दबाव बढ़ गया है। मुबारक ने कहा है कि सितम्बर में कार्यकाल समाप्त होने के बाद वह चुनाव नहीं लड़ेंगे लेकिन फिलहाल उन्होंने पद से इस्तीफा देने से इंकार कर दिया है।
मुबारक ने कहा है कि यदि वह इस समय इस्तीफा देते हैं तो देश में अराजकता का माहौल पैदा हो जाएगा।
इधर, मुबारक की इस्तीफे की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों पर राष्ट्रपति के इस बयान का कोई असर नहीं पड़ा और वे राष्ट्रपति के तत्काल इस्तीफा देने की अपनी मांग पर कायम हैं।
समाचार चैनल अल जजीरा के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने रात के समय कर्फ्यू का उल्लंघन किया। स्थानीय समयानुसार शाम सात बजे से लेकर सुबह छह बजे तक कर्फ्यू लागू किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि मुबारक के इस्तीफा देने तक वह पीछे नहीं हटेंगे।
एक प्रदर्शनकारी ने कहा, "या तो हमारी मौत होगी या फिर हमें स्वतंत्रता मिलेगी।" प्रदर्शन के दौरान लोग 'गो मुबारक' के नारे लगा रहे हैं।
इस बीच रक्षा मंत्री मोहम्मद हुसैन तंतावी शुक्रवार को अचानक तहरीर चौक पहुंचे और सेना के अधिकारियों के साथ वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने कुछ प्रदर्शनकारियों से भी मुलाकात की।
गौरतलब है कि बुधवार को मुबारक समर्थकों और सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प होने से 13 लोगों की मौत हो गई थी और 1,000 से अधिक लोग घायल हो गए थे। मिस्र में जारी हिंसा में अभी तक लगभग 300 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications