मिस्र के घायल पत्रकार की मौत : रिपोर्ट
न्यूयार्क। मिस्र की राजधानी काहिरा में जारी सरकार विरोधी प्रदर्शनों को कवर करने के दौरान गोली लगने से घायल हुए मिस्र के एक पत्रकार की शुक्रवार को मौत हो गई।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक अहमद मोहम्मद महमूद मिस्र के समाचार पत्र 'अल-तावून' में काम करते थे। काहिरा में तहरीर चौक के निकट 28 जनवरी को सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के दौरान हुई गोलीबारी में गोली लगने से महमूद घायल हो गए थे।
न्यूयार्क स्थित गैर सरकारी संगठन सीपीजे की रिपोर्ट के मुताबिक महमूद ऐसे पहले पत्रकार हैं जिनकी मिस्र में विरोध प्रदर्शनों को कवर करने के दौरान मौत हुई है।
उल्लेखनीय है कि मिस्र में सरकार विरोधी प्रदर्शनों को कवर करने पहुंचे विश्व मीडिया समुदाय के प्रमुख पत्रकारों को हिरासत में लिया गया था।
मध्यपूर्व और उत्तरी अफ्रीका में सीपीजे संगठन के कार्यक्रम समन्वयक मोहम्मद अब्देल डेम ने कहा कि मिस्र की पुलिस अपने कर्मियों को सादे पोशाक में भेजकर मीडियाकर्मियों और उनके ब्यूरो कार्यालयों पर हमला करवा रही है।












Click it and Unblock the Notifications