थिंपू में मिलेंगे भारत-पाक के विदेश सचिव
भारत की विदेश सचिव निरुपमा राव आठ सदस्यीय दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) की बैठक में हिस्सा लेने शनिवार को थिम्पू रवाना हो गईं। उम्मीद की जा रही है कि वह पाकिस्तानी विदेश सचिव सलमान बशीर से रविवार को मिलेंगी।
इस बैठक में दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की वार्ता की जमीन तैयार हो सकती है। उम्मीद है कि भारत के विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा और पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी के बीच मार्च में नई दिल्ली में बैठक होगी।
कृष्णा थिम्पू में आठ फरवरी से शुरू होने वाली दक्षेस के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे, जबकि कुरैशी बैठक में हिस्सा नहीं ले रहे हैं।
विदेश सचिवों की मुलाकात दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की पिछले साल 15 जुलाई की बैठक में आरोप-प्रत्यारोप के कारण संवाद टूटने के बाद वार्ता को फिर शुरू करने की पहली आधिकारिक कोशिश होगी।
जानकारों के मुताबिक विदेश सचिवों की मुलाकात में वार्ता के लिए आपसी व्यापार और सरक्रीक जैसे गैरविवादित मुद्दों की एक सूची तैयार की जा सकती है ताकि पाकिस्तान द्वारा 26/11 पर फैसला दिए जाने तक सीमित वार्ता जारी रहे।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल बसित ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान भारत से बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन उससे पहले विदेश सचिवों द्वारा मुद्दों की सूची तय कर ली जानी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications