चिरंजीवी, सोनिया से मिलेंगे रविवार को
पार्टी सूत्रों ने बताया कि अभिनेता से राजनेता बने चिरंजीवी रविवार सुबह सोनिया से मिलेंगे।
ज्ञात हो कि चिरंजीवी कांग्रेस अध्यक्ष के आमंत्रण पर उनसे मिलने जा रहे हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी ने पिछले सप्ताह हैदराबाद का दौरा किया था और उसी दौरान चिरंजीवी से मुलाकात कर उन्हें वार्ता के लिए आमंत्रित किया था।
पूर्व पार्टी सांसद जगनमोहन रेड्डी द्वारा आंध्र प्रदेश सरकार को चेतावनी दिए जाने के मद्देनजर कांग्रेस यह प्रयास कर रही है कि पाीआरपी का या तो कांग्रेस में विलय हो जाए या वह प्रदेश सरकार में शामिल हो जाए।
गौरतलब है कि 294 सदस्यीय आंध्र प्रदेश विधानसभा में पीआरपी के 18 विधायक हैं। कांग्रेस अपने 156 सदस्यों के साथ कमजोर बहुमत में है।
चर्चा है कि पीआरपी के दो दर्जन से अधिक विधायक जगनमोहन के प्रति निष्ठा दिखाने की योजना बना रहे हैं। जगनमोहन ने पिछले वर्ष नवम्बर में कांग्रेस छोड़ दी थी और वह नई पार्टी गठित करने की योजना बना रहे हैं।
पार्टी के एक नेता के अनुसार चिरंजीवी ने पिछले दो दिनों में पार्टी विधायकों एवं वरिष्ठ नेताओं से सलाह-मशविरा किया है। वह पहले सोनिया के प्रस्ताव को सुनेंगे, फिर उसका जवाब देंगे।
उल्लेखनीय है कि पीआरपी के एक धड़े ने पार्टी के कांग्रेस में विलय का विरोध किया है, लेकिन अधिकांश विधायक सत्ताधारी दल के साथ समझौते के पक्ष में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications