मार्च तक शुरू होगी दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट लाइन
मुख्यमंत्री ने शनिवार को 23 किलोमीटर लम्बे मेट्रो रेललाइन पर सफर किया।
इस रेललाइन पर मेट्रो ट्रेन की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रतिघंटा होगी। इस मार्ग से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे (आईजीआई) तक का सफर तय करने में महज 18 मिनट लगेंगे। एयरपोर्ट से द्वारका सेक्टर 21 तक का सफर केवल तीन मिनट में पूरा किया जा सकेगा।
दिल्ली मेट्रो के तीसरे चरण के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि तीसरे चरण का खांका तैयार कर लिया गया है। मंत्रियों के समूह और दिल्ली मेट्रो के निदेशक ई. श्रीधरन इस पर चर्चा कर रहे हैं। इस पर काम जल्दी ही शुरू हो जाएगा।
शीला दीक्षित ने संवाददाताओं से कहा, "एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन देश की ऐसी पहली मेट्रो लाइन है जो सीधे एयरपोर्ट तक जाएगी। इस रेल लाइन को काफी शानदार तरीके से बनाया गया है और एक महीन के भीतर इसकी औपचारिक शुरुआत कर दी जाएगी।"
शीला दीक्षित ने यह भी कहा कि तीसरे चरण के काम के लिए पैसों की कोई समस्या नहीं है यह सफलतापूर्वक पूरा होगा और उसके बाद चौथे चरण के तहत काम शुरू किया जाएगा।
मेट्रो के निदेशक श्रीधरन ने कहा कि सामानों की जांच के मामले को लेकर नागरिक उड्डयन विभाग से बातचीत चल रही है और इसे जल्दी ही सुलझा लिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications