'यासी' से तबाह हुए क्षेत्रों में पहुंचने के प्रयास जारी
समाचार वेबसाइट 'बीबीसी डॉट को डॉट यूके' के अनुसार बचाव दल मलबों को हटाकर उन शहरों तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है जो अभी तक अलग-थलग पड़ा हुआ है। पुलिस ने तूफान की वजह से एक 23 वर्षीय युवक के मरने की पुष्टि की है। भारी बारिश और बाढ़ के कारण बचाव कार्य पर असर पड़ा है। क्षेत्र के 1.5 लाख घरों में बिजली की आपूर्ति ठप्प है।
तूफान प्रभावित इलाके का दौरा करने के बाद आस्ट्रेलिया के उपप्रधानमंत्री वासने स्वान ने इस इलाके को युद्ध क्षेत्र जैसा करार दिया।
क्वींसलैंड की प्रधानमंत्री अन्ना ब्लीघ ने कहा है कि राहत कार्य के दौरान कुछ दुखद घटनाओं को लेकर खबरें मिली हैं लेकिन उन्होंने कहा कि तूफान से जान को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है।
प्रांत के तूफान प्रभावित इलाके में 4,000 सैनिक और 600 पुलिसकर्मियों सहित राहतकर्मी बचाव कार्य में लगे हुए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार 7,000 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर शिविरों में भेजा गया है जबकि हजारों की संख्या में लोग अभी भी बिजली और पानी की आपूर्ति न होने के बावजूद अपने घरों में रुके हुए हैं। संचार सेवाएं भी अभी बहाल नहीं हो पाई हैं।
अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। बचावकर्मी प्रभावित इलाके में पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। मिशन बीच और कार्डवेल शहर देश के अन्य हिस्सों से अभी भी कटे हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications