केंद्र की लापरवाही के चलते मारे गए मछुआरे : सुषमा
चेन्नई, 4 फरवरी (आईएएनएस)। श्रीलंकाई नौसेना द्वारा दो भारतीय मछुआरों की हत्या के लिए भारत सरकार की लापरवाही की प्रवृत्ति को जिम्मेवार ठहराते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सुषमा स्वराज ने कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे को संसद में उठाएगी।
लोकसभा में विपक्ष की नेता ने यहां संवाददाताओं से कहा, "भारतीय मछुआरों पर लंबे अरसे से हमले होते रहे हैं और केंद्र सरकार इसे रोकने में विफल रही है। सरकार ने यदि कड़ा रुख अपनाया होता तो दोनों मछुआरे बचाए जा सकते थे।"
इससे पहले स्वराज पिछले महीने मारे गए दो मछुआरों के परिजनों से मिलीं और दोनों पीड़ित परिवारों को पार्टी की ओर से 200,000 रुपये की सहायता राशि दी।
उन्होंने कहा कि उन्हें विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा द्वारा यह कहे जाने से दुख पहुंचा है कि भारत-श्रीलंका संयुक्त कार्यकारी समूह निष्क्रिय हो गया है और जल्द ही उसे सक्रिय किया जाएगा।
यह घोषणा करते हुए कि भाजपा का कोर समूह 1974 में श्रीलंका को हस्तांतरित किए गए कच्छथिवु द्वीप की पुनप्र्राप्ति की मांग के मुद्दे पर चर्चा करेगा, स्वराज ने कहा कि उनकी पार्टी भारतीय मछुआरों पर हो रहे हमलों का मुद्दा संसद में उठाएगी।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पूर्व दूरसंचार मंत्री ए.राजा को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बावजूद पार्टी 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराने की मांग में कोई बदलाव नहीं लाएगी।
स्वराज ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसद के बजट सत्र के लिए रणनीति तय करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications