करमापा के सहयोगियों ने दी अग्रिम जमानत की अर्जी
धर्मशाला, 4 फरवरी (आईएएनएस)। ग्यूतो तांत्रिक विश्वविद्यालय और मठ से करीब सात करोड़ रुपये मूल्य की देशी और विदेशी मुद्रा जब्त होने के सिलसिले में 17वें करमापा उग्येन त्रिनले दोरजी के दो सहयोगियों ने अपनी अग्रिम जमानत के लिए शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के एक न्यायालय में अर्जी दी।
करमापा के सचिव गोम्पो जेरिंग और उनके न्यासी तेंजिन नामग्याल ने ऊना कस्बे के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी राजेश तोमर के न्यायालय में जमानत के लिए आवेदन किया।
उनकी अर्जी पर सुनवाई के बाद न्यायालय ने अगली सुनवाई सात फरवरी के लिए सूचीबद्ध किया।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एस.आर. मार्डी ने आईएएनएस को बताया, "जेरिंग के घर से चार लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा जब्त की गई।"
ज्ञात हो कि करमापा के सहयोगी रूब्गी चोसंग (शक्ति लामा) सहित सात लोग पुलिस हिरासत में हैं।
इस बीच एक तिब्बती जोड़ा कर्मा थापा और उसकी पत्नी रिनझिन को मठ के लिए नई दिल्ली से एक करोड़ रुपये की व्यवस्था करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
ऊना की न्यायालय ने जोड़े को आठ फरवरी तक के लिए पुलिस हिरासत में भेजा है। इस जोड़े से सम्बंधित एक न्यास का बैंक खाता भी जब्त किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications