वोहरा ने चिदम्बरम से वार्ता पर दिया जोर (लीड-1)
चिदम्बरम राज्य के कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष सैफुद्दीन सोज, उप मुख्यमंत्री तारा चंद और पूर्व उप मुख्यमंत्री मंगत राम शर्मा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मिलने के बाद गुरुवार देर शाम राज भवन पहुंचे। चिदम्बरम दो दिनों की यात्रा पर यहां आए हैं।
जानकार सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि कश्मीर में समाज के सभी वर्गो खासकर अलगाववादियों के साथ बातचीत करने के लिए प्रमुखता से वकालत करने वाले वोहरा ने चिदम्बरम के साथ बैठक में भी अपने इस रुख को दोहराया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि चिदम्बरम 'जमीनी हकीकत' जानने के लिए यहां और पर्वतीय जिला किश्तवार में किए जा रहे सुरक्षा उपायों की समीक्षा करेंगे। किश्तवार जम्मू से 200 किलोमीटर पूर्वोत्तर में है।
वह स्थानीय कांग्रेस नेताओं के साथ बातचीत करेंगे तथा शासन प्रणाली एवं राज्य में पार्टी को मजबूत करने के उपायों के बारे में उनकी राय लेंगे।
गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी का राज्य में सत्तारूढ़ नेशनल कान्फ्रेंस के साथ गठबंधन है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सैफुद्दीन सोज ने केंद्रीय गृह मंत्री को राज्य के दौरे के लिए आमंत्रित किया था और उनसे अनुरोध किया था कि वह जम्मू एवं कश्मीर के लिए कोई नीति बनाने से पहले राज्य के कांग्रेस नेताओं की राय ले लें।
शुक्रवार सुबह किश्तवार रवाना होने से पहले वह मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से भी मुलाकात करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications