सोपोर की किशोरियों के हत्यारों को जल्द तलाशें : चिदम्बरम
चिदम्बरम सुरक्षा समीक्षा के लिए किश्तवार रवाना होने से पहले यहां हुई एकीकृत कमान की बैठक में भाग लेने के दौरान इस घटना के सम्बंध में विस्तृत ब्योरा और पुलिस कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट देखने की इच्छा जताई।
आधिकारिक सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री ने बैठक में कहा कि यह सुरक्षा एजेंसिंयोंे के लिए 'लिटमस जांच' है। ऐसे जघन्य अपराध करने वालों को अवश्य ढूंढ निकाला जाए और उन्हें कड़ी सजा दी जाए।
एक अधिकारी ने बताया कि बैठक में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आश्वस्त किया कि "हत्यारों को ढूंढ निकालने के लिए सभी उपाय किए जाएंगे और उन्हें सजा दी जाएगी।"
ज्ञात हो कि अपराधियों ने सोमवार शाम दो बहनें कुलसूमा और यास्मीन को बंदूक के बल पर जबरन घर से खींचकर उनकी हत्या कर दी थी। यह वारदात उत्तरी कश्मीर के शहर सोपोर के मुस्लिम पीर इलाके में हुई।
पुलिस का कहना है कि दो बहनोंे की हत्या आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों ने की। इस मामले में दो हत्यारों की पहचान कर ली गई है।
लश्कर ने हालांकि इस वारदात में अपनी संलिप्तता से इंकार किया है और हत्या की निंदा की है। लश्कर ने इसमें सरकारी एजेंसियों का हाथ बताया है।
इस घटना से घाटी में उपद्रव शुरू हो गया। घटना की अलगाववादियों एवं मुख्यधारा की पार्टियों ने भर्त्सना की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications