येदियुरप्पा के खिलाफ शिकायतों की सुनवाई 14 फरवरी को
बेंगलुरू, 4 फरवरी (आईएएनएस)। बेंगलुरू की एक अदालत ने शुक्रवार को निर्णय लिया कि वह मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा, उनके दो बेटों, दामाद और अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार व अवैध भूमि सौदे सम्बंधी पांच शिकायतों की सुनवाई 14 फरवरी को करेगी।
येदियुरप्पा के दामाद आर.एन. सोहन कुमार ने स्वयं तथा अन्य के विरुद्ध शिकायतों पर अदालत द्वारा संज्ञान लिए जाने का विरोध किया है, क्योंकि उन सभी पर लगे आरोपों की जांच राज्य के लोकायुक्त कर रहे हैं।
वह चाहते हैं कि बेंगलुरू के दो अधिवक्ताओं सिराजिन बाशा और के.एन. बलराज द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों में पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनता दल (सेक्युलर) के प्रदेश अध्यक्ष एच.डी. कुमारस्वामी को पार्टी बनाया जाए।
बाशा और बलराज की ओर से पेश वकील ने सोहन कुमार की याचिका का विरोध किया है। बाशा और बलराज ने राज्यपाल एच.आर. भारद्वाज द्वारा येदियुरप्पा, उनके रिश्तेदारों एवं अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार व अवैध भूमि सौदे के मामले में अभियोग चलाने की अनुमति दिए जाने के बाद पांच शिकायतें दर्ज कराई थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications