तेदेपा सांसद के आवास व कार्यालय पर आयकर छापे
हैदराबाद, 4 फरवरी (आईएएनएस)। आयकर अधकारियों ने शुक्रवार को तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) सांसद नामा नागेश्वर राव के चेन्नई, मुम्बई, बेंगलुरू, नई दिल्ली और हैदराबाद सहित सात शहरों में स्थित उनके आवास एवं कार्यालय पर छापेमारी की।
आयकर अधिकारियों ने आयकर बचाने के संदेह में राव के आवास और खम्माम तथा देश के अन्य शहरों में स्थित उनके स्वामित्व वाली कम्पनियों की इमारतों में छापेमारी की। छापेमारी की कार्रवाई सुबह शुरू की गई।
जानकार सूत्रों ने बताया कि सांसद के स्वामित्व वाले मधुकॉन कम्पनी समूह के कार्यालयों में तलाशी ली गई।
ज्ञात हो कि मधुकॉन समूह की एक इकाई मधुकॉन इन्फ्रा आंध्र प्रदेश तथा अन्य राज्यों में सड़क निर्माण एवं अन्य ढांचागत परियोजनाओं के कार्य निष्पादित करती है।
खम्माम निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले राव लोकसभा में तेदेपा संसदीय दल के नेता हैं।
गैर सरकारी संस्था 'एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर)' की रिपोर्ट के मुताबिक राव के पास 173 करोड़ की सम्पत्ति है और इस तरह वह मौजूदा लोकसभा में सबसे धनी सांसद हैं।
तेदेपा ने आयकर छापेमारी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे 'राजनीतिक विद्वेषपूर्ण कार्रवाई' बताया है।
छापेमारी के दौरान तेदेपा कार्यकर्ताओं ने खम्माम स्थित राव के कैंप कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications