'मुबारक के हटने तक जारी रहेगा प्रदर्शन'
नई दिल्ली/काहिरा, 4 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक को सत्ता से बेदखल करने के लिए मिस्र की राजधानी काहिरा में लाखों की संख्या में प्रदर्शन करने वाले लोगों का संघर्ष उनके राष्ट्रपति पद से हटने तक जारी रहेगा। एक प्रदर्शनकारी ने अपने साक्षात्कार में यह बात कही।
मुबारक विरोधी अभियान का केंद्र बिंदु बने तहरीर चौक पर मोहम्मद याहिया ने आईएएनएस को दिए सक्षात्कार में कहा कि प्रदर्शनकारी अपना संघर्ष नहीं छोड़ेंगे.. चाहे जो परिणाम हो।
मिस्र के पत्रकार याहिया ने फोन पर कहा, "हमारा अनुमान है कि तहरीर चौक पर आज (शुक्रवार) को 10 लाख लोग एकत्रित हैं। चौक पर शांति है। किसी ने कोई हमला नहीं किया है। इलाके में बड़ी संख्या में सेना के ट्रक हैं।"
उन्होंने बताया कि सेना के जवान प्रदर्शनकारियों को चौक पर आने से रोक रहे हैं। याहिआ ने कहा कि गत मंगलवार की रैली के बाद यह दूसरी सबसे बड़ी रैली है। मंगलवार की रैली में 10 लाख लोगों ने हिस्सा लिया।
लोगों के आक्रोश को देखते हुए मुबारक को पहली बार कहना पड़ा कि वह पद छोड़ने के लिए तैयार हैं..लेकिन अभी नहीं। याहिया ने कहा कि प्रदर्शनकारी उन्हें राष्ट्रपति के पद से हटते देखना चाहते हैं और वह भी अभी। उन्होंने कहा, "हम अभी भी यहां हैं। हम यहां से हटने नहीं जा रहे। हम यहां तब तक रुकेंगे जब तक कि हमारा उद्देश्य पूरा नहीं हो जाता।"
याहिया ने बताया कि शुक्रवार के दिन को मुबारक के लिए 'प्रस्थान का दिन' होने की घोषणा की गई है, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि वह अभी पद से हटते हैं तो अव्यवस्था फैल जाएगी।याहिया ने कहा कि वह इस बात को लेकर निश्चित नहीं हैं कि मुबारक विरोधी प्रदर्शनकारी शुक्रवार को राष्ट्रपति के भवन की ओर कूच करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications