लोग क्या कहते हैं, मुझे फर्क नहीं पड़ता : मुबारक
काहिरा। मिस्र के राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक ने कहा है कि वह अपने पद से आजिज आ चुके हैं लेकिन उन्होंने इस समय इस्तीफा दिया तो पूरे देश में अफरा-तफरी मच जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि लोग उनके बारे में क्या कहते हैं। राष्ट्रपति पद छोड़ने के चौतरफा दबाव से घिरे मुबारक ने कहा, "लोग मेरे बारे में क्या कहते हैं, इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। फिलहाल मुझे सिर्फ अपने मुल्क की चिंता है, मुझे मिस्र की फिक्र है।"
मिस्र में जारी विरोध प्रदर्शनों के हिंसक हो जाने की वजह से आठ लोग मारे गए हैं और 800 से ज्यादा घायल हो गए हैं। 82 वर्षीय मुबारक ने एबीसी न्यूज से कहा कि वह राष्ट्रपति पद से आजिज आ चुके हैं-इस पद पर वह पिछले 30 बरस से हैं। उन्होंने कहा कि वह इसी समय पद छोड़ना चाहते हैं लेकिन उन्हें डर है कि उनके ऐसा करने से मिस्र में अफरा-तफरी मच जाएगी।
मुबारक का यह साक्षात्कार राष्ट्रपति भवन में लिया गया जहां वह अपने परिवार के साथ रहते हैं। राष्ट्रपति भवन पर सशस्त्र सैनिकों का भारी जमावड़ा, टैंक और कंटीले तार लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि तहरीर चौक पर पिछले कुछ दिन से जारी हिंसा से उन्हें तकलीफ पहुंची है लेकिन उन्होंने दावा किया कि इसके लिए उनकी सरकार जिम्मेदार नहीं है। मुबारक ने 11दिन से जारी इस हिंसा के लिए मुस्लिम ब्रदरहुड को दोषी ठहराया।
राष्ट्रपति ने कहा, "मैं बहुत दुखी हूं..मैं म्रिसवासियों को आपस में लड़ते नहीं देख सकता।"
मुबारक ने साक्षात्कारकर्ता से कहा कि सोमवार रात के अपने भाषण के बाद से वह राहत महसूस कर रहे हैं। इस भाषण में उन्होंने कहा था कि वह सितम्बर में अपना कार्यकाल समाप्त होने पर पद छोड़ देंगे लेकिन अभी पद से नहीं हटेंगे।
आधे घंटे के इस साक्षात्कार में मुबारक के साथ उनका पुत्र गमाल भी था। मुबारक ने कहा कि उनकी यह कभी मंशा नहीं रही कि उनका पुत्र उनका उत्तराधिकारी बने।
मुबारक ने कहा,"मैं दोबारा राष्ट्रपति पद का चुनाव नहीं लड़ना चाहता। मैंने कभी नहीं चाहा कि मेरे बाद गमाल राष्ट्रपति बने।"
इस साक्षात्कार के दौरान मुबारक ने जोर देकर कहा, "मैं भागूंगा नहीं..मैं इसी धरती पर प्राण त्यागूंगा।"
मुबारक ने मिस्र में इसी क्षण बदलाव की बात कहने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को बहुत अच्छा इंसान बताया। मुबारक ने कहा कि "मैंने ओबामा से कहा कि आप मिस्र की संस्कृति को नहीं समझे और नहीं जानते कि मेरे इस समय पद छोड़ने से क्या होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications