मुबारक के पास 70 अरब डॉलर की सम्पत्ति संभव
एबीसी समाचार चैनल के अनुसार विशेषज्ञों ने बताया है कि मुबारक के परिवार द्वारा यह सम्पत्ति सैन्य ठेकों से उस समय अर्जित की गई जब वह वायुसेना के अधिकारी थे।
पूर्व वायुसेना प्रमुख मुबारक ने वर्ष 1981 में मिस्र की सत्ता हासिल की थी और तब से लेकर आज तक करीब 30 वर्षो से वह राष्ट्रपति बने हुए हैं। वर्तमान में मुबारक मिस्र में राजनीतिक उथल-पुथल का सामना कर रहे हैं।
मीडिया रपटों में कहा गया है कि अनुमानों के मुताबिक मुबारक के परिवार के पास 40 अरब डॉलर से 70 अरब डॉलर की सम्पत्ति हो सकती है।
प्रिंसटन विश्वविद्यालय की प्रोफेसर अमानी जमाल ने कहा कि मुबारक के समय में बहुत भ्रष्टाचार हुआ और व्यक्तिगत लाभ के लिए सार्वजनिक संसाधनों का प्रयोग किया गया।
जमाल के मुताबिक मुबारक की सम्पत्ति मिस्र से बाहर संभवत: ब्रिटेन और स्विट्जरलैंड के बैंकों में हो सकती है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि लंदन, पेरिस, मैड्रिड, दुबई, वाशिंगटन, न्यूयार्क और फ्रैंकफर्ट में मुबारक के परिवार की सम्पत्तियां हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications