टुकड़ों में मिला शव अनुपमा का ही : डीएनए रिपोर्ट
पुलिस ने फिंगर प्रिंट के मिलान और लाश के नमूनों की डीएनए जांच कराने के लिए इन्हें दिल्ली की सीबीआई फोरेंसिक साईंस लैब भेजा था। लाश के नमूने अनुपमा के माता-पिता के डीएनए नमूनों से मेल खा रहे हैं। इस बात की पुष्टि एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने की है।
इस मामले में उसके पति राजेश के खिलाफ आरोप है कि उसने बीते दशहरा के दिन अनुपमा की हत्या कर उसके शव के टुकडे कर फ्रीजर में रख दिए थे। अनुपमा के भाई के आने के बाद मामले से पर्दा उठा था। उसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी राजेश को गिरफ्तार कर लिया था। राजेश की निशानदेही पर पुलिस ने मसूरी मार्ग से शव के टुकडों को बरामद किया था। कोर्ट की अनुमति पर देहरादून पुलिस ने शव के टुकडों के नमूने और अनुपमा के माता-पिता के डीएनए नमूने जांच के लिए सीबीआई फोरेंसिक लैब दिल्ली भेजे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून जीएस मतरेलिया ने शुक्रवार को बताया कि सीबीआई फोरंसिंक लैब दिल्ली की रिपोर्ट के अनुसार दोनों के डीएनए मेल खा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डीप फ्रीजर, शव के टुकडे करने में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक कटर पर मिले फिंगर प्रिंट राजेश के फिंगर प्रिंट से मेल खा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े साक्ष्यों में हस्तलेख की जांच अभी लैब में होना बाकी है, जिसको जांच के लिए भेजा जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications