7 वर्षीय बालक ने लड़ाकू विमान की बोली लगाई
वेबसाइट 'न्यूज डॉट कॉम डॉट एयू' के मुताबिक आस्ट्रेलिया में एक नन्हें बालक ने इंटरनेट के माध्यम से हैरियर युद्धक विमान की कीमत लगा दी थी लेकिन अंतिम पलों में उसके पिता ने उसे ऐसा करने से रोक दिया।
उस बालक ने ऑनलाइन स्टोर-ईबे पर शॉपिंग करते हुए युद्धक विमान के आगे लिखे 'अभी खरीदिए' बटन दबा दिया। विमान की कीमत 113,515 डॉलर रखी गई थी।
इसी बीच उसके पिता ने उसे ऐसा करने से रोक दिया। साथ ही उसके पिता ने ऑनलाइन विक्रेताओं से अपने बच्चे की इस गुस्ताखी के लिए माफी भी मांगी।
उस लड़के के पिता ने विक्रताओं से कहा कि उसका बेटा पॉकेट-मनी से लड़ाकू विमान नहीं खरीद सकता।
हैरियर की बिक्री के लिए ईबे पर विज्ञापन करने वाली ब्रिटेन की कम्पनी-जेट आर्ट एविएशन के प्रवक्ता ने इस घटना पर प्रकाश डालते हुए कहा, "उस लड़के के पिता ने हमें फोन करके माफी मांगी। यह विमान फिर से बिक्री के लिए रख दिया गया है। अब हमने इसकी नीलामी करने का फैसला किया है ताकि दोबारा इस तरह की घटना नहीं हो सके।"
हैरियर विमान 1982 के फॉल्कलैंडस युद्ध के दौरान ब्रिटेन की सेना में शामिल था। उसे 1997 में सेना से हटा दिया गया।
फॉल्कलैंडस युद्ध फॉल्कलैंडस, साउथ जॉर्जिया और साउथ सैंडविच द्वीपों पर अधिकार के लिए ब्रिटेन और अर्जेटीना के बीच लड़ा गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications