आईटीबीपी भर्ती के दौरान हिंसा मामले में 3 प्राथमिकी
यह जानकारी राज्य के विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने गुरुवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने कहा कि बरेली में हुई हिंसा की घटना के संबंध में तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
आईटीबीपी की भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेने आए एटा निवासी अभ्यर्थी देवेंद्र सिंह की कथित तौर पर आईटीबीपी जवानों के लाठीचार्ज के चलते सिर पर चोट लगने के बाद उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी। देवेंद्र के परिजनों का आरोप है कि लाठीचार्ज के चलते उसकी मौत हुई। परिजनों ने आईटीबीपी के अज्ञात जवानों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
दूसरा मुकदमा परिवहन विभाग के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आर.बी. शर्मा की तरफ से बरेली में हिंसक प्रदशर्न के दौरान रोडवेज की आठ बसें फूंकने और पुराने बस अड्डे में तोड़फोड़ के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कराया गया है।
एक अन्य प्राथमिकी बरेली के कैंट थाना प्रभारी की तरफ से कराई गई है, जिसमें तोड़फोड़ और उपद्रव के लिए 15-20 हजार अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
मालूम हो कि गत मंगलवार को आईटीबीपी की चतुर्थ श्रेणी के 416 पदों की भर्ती प्रक्रिया के दौरान केंद्रीय अर्धसैनिक बल के अधिकारियों के कथित कुप्रबंधन के चलते कई राज्यों से पहुंचे अभ्यार्थियों ने जमकर हंगामा किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications