मिस्र में कुछ विपक्षी पार्टियां वार्ता के लिए तैयार
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के मुताबिक मीडिया की रपटों में गुरुवार को बताया गया कि काहिरा के तहरीर चौक पर रैली में शामिल होने वाले कुछ विपक्षी दल देश के अधिकारियों के साथ वार्ता के लिए तैयार हो गए हैं।
जनता के आक्रोश का सामना कर रहे मिस्र के राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक ने गत शनिवार को नागरिक उड्डयन मंत्री अहमद शफीक को प्रधानमंत्री और खुफिया विभाग के प्रमुख उमर सुलेमान को उपराष्ट्रपति नियुक्त किया था।
मुबारक ने देश में शांति कायम करने के लिए प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति से विपक्षी दलों के साथ शीघ्र वार्ता शुरू करने का अनुरोध किया।
ज्ञात हो कि मिस्र के प्रमुख विपक्षी नेता और मुबारक के कट्टर आलोचक मोहम्मद अल बरदई ने सरकार से वार्ता करने से पहले ही इंकार कर दिया है। उनका कहना है कि राष्ट्रपति के अपने पद से हटने के बाद ही वह वार्ता में शामिल होंगे।
विपक्ष मुबारक के उस प्रस्ताव को खारिज कर चुका है जिसमें उन्होंने कहा था कि वह अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद सितम्बर में अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति मुबारक की 30 वर्षो की सरकार के खिलाफ मिस्र में गत 25 जनवरी से प्रदर्शन हो रहे हैं।
इस बीच जर्मनी, ब्रिटेन, फ्रांस, स्पेन और इटली के नेताओं ने मिस्र में जारी हिंसा की निंदा करने के साथ ही मिस्र की सरकार से 'एक व्यापक आधार वाली सरकार को सत्ता का हस्तांतरण' शीघ्र करने की मांग की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications