सपा कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसा रहीं मायावती : मुलायम
यादव ने गुरुवार को यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मायावती प्रशासन द्वारा वर्तमान समय में एक लाख सपा कार्यकर्ताओं को निराधार मामलों में फंसाया गया है।
उन्होंने कहा कि सपा से नजदीकी के कारण मायावती ने निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को झूठे मामले में जेल भिजवा दिया। इसी तरह राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर सपा विधायक अक्षय प्रताप सिंह और सपा सांसद शैलेंद्र कुमार को फर्जी मामले में जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया।
यादव ने कहा, "सपा ही राज्य में बसपा के कुशासन के खिलाफ मजबूती से अपनी आवाज उठाती है, इसीलिए मायावती सपाइयों का मनोबल गिराने के लिए उन्हें निशाना बनाने लगी हैं, लेकिन सपा कार्यकर्ता मायावती के अत्याचार से डरने वाले नहीं हैं।"
सपा प्रमुख ने कहा कि मायावती सरकार शुरू से ही संवैधानिक मूल्यों की हत्या करती आ रही है। इस सरकार में संवैधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान भाव नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।